औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया शहर के नरायणपुर मुहाल में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसमें मौजूद ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान आलोक कुमार (25) पुत्र सुमित नारायण निवासी ग्राम भरसेन के रूप में हुई है। वह ट्रक चालक था और परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में माता-पिता, दो भाई और एक बहन हैं। आलोक तीन भाइयों में मंझला था। मृतक की मां मंजू देवी ने बताया कि बुधवार शाम आलोक के मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया था। बातचीत के बाद वह काफी परेशान और तनावग्रस्त दिखाई दे रहा था। उसने किसी से कुछ नहीं कहा और घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने सदर कोतवाली पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई।

गुरुवार सुबह करीब नौ बजे जब परिजन नरायणपुर स्थित मकान पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खोलने पर आलोक का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले आलोक ने अपने मोबाइल फोन में कुछ ऑडियो और वीडियो रिकॉर्ड किए थे। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि फोन पर मिली धमकी के बाद से ही आलोक मानसिक तनाव में था।
सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

