गोविंदपुरम के बाबा मार्केट में भीषण आग, 4–5 दुकानें जलकर खाक, घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू

गोविंदपुरम के बाबा मार्केट में भीषण आग, 4–5 दुकानें जलकर खाक, घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के गोविंदपुरम स्थित बाबा मार्केट में सोमवार देर रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। मार्केट की 4 से 5 दुकानें आग की चपेट में आ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। फायर विभाग के अनुसार, सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन से कई दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया।

 

आग की गंभीरता को देखते हुए कुल 8 फायर टेंडर और कई पानी के टैंकर घटनास्थल पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। फायर अधिकारी राहुल पाल सिंह ने बताया कि प्रभावित दुकानों के शटर बेहद मजबूत थे और सुरक्षित तरीके से बंद किए गए थे। इसी वजह से दमकल कर्मियों को दुकानों के अंदर पहुंचने में काफी समय लगा। आग तक पहुंचने और उसे बुझाने के लिए शटरों को काटना पड़ा। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने अंदर पहुंचकर आग पर काबू पाने का काम शुरू किया।

 

कड़ी मशक्कत और कई घंटों के प्रयास के बाद दमकल विभाग ने आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और आसपास की अन्य दुकानों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *