मुजफ्फरनगर। जनपद के जानसठ थाना क्षेत्र में बैंक में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद खुलासा कर दिया है। सोमवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर आरोपी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से चोरी की गई लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई जानसठ कोतवाली पुलिस द्वारा की गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हुए आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 4 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद, एक बाइक, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 10 जून को गांव तिसंग स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने बैंक की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी चुरा ली थी।
सीओ जानसठ ऋषिका सिंह के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी चोरी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए इलाके में आने वाला है। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। मौके से ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कर्ज से परेशान होकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उसका कोई लंबा आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, हालांकि मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि बरामद नकदी और अन्य सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

