मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर घायल, हथियार व चोरी की स्कूटी बरामद

मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर घायल, हथियार व चोरी की स्कूटी बरामद

मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में सोमवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोरों और लुटेरों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई सिसोना मार्ग पर उस समय हुई जब दोनों बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में घूम रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सिसोना पुलिया पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक चोरी की स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने भागने की कोशिश की और रजवाहा पटरी की ओर तेजी से निकल पड़े।

भागने के दौरान तेज रफ्तार के कारण उनकी स्कूटी फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी पास के गन्ने के खेत में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया।

घायल बदमाशों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मौके से चोरी की स्कूटी, दो अवैध तमंचे 315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकील निवासी अजराड़ा, थाना मुंडाली, जिला मेरठ और परवेज निवासी नहाली, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और दिल्ली-एनसीआर व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में वाहन चोरी और लूट जैसी वारदातों में सक्रिय रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि परवेज के खिलाफ विभिन्न जिलों में 24 से अधिक और उसके साथी वकील के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह चोरी के वाहनों का इस्तेमाल आगे लूट और अन्य अपराधों में करता था।

फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस कार्रवाई से इलाके में एक बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते टाल दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *