औरैया में खड़े ट्रैक्टर से कार टकराई, अंतिम संस्कार से लौट रहे पांच लोग घायल

औरैया में खड़े ट्रैक्टर से कार टकराई, अंतिम संस्कार से लौट रहे पांच लोग घायल

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को खड़े ट्रैक्टर से कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सहायल थाना क्षेत्र के अघारा गांव निवासी गोल्डी देवी पत्नी अरविंद, अमर सिंह पुत्र बलदेव, हरिश्चंद्र पुत्र राजबहादुर, लाल सिंह पुत्र बलदेव तथा राम प्रकाश पुत्र करोड़ी लाल ईको कार से फफूंद क्षेत्र के सल्हापुर गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर गुरुवार को वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दिबियापुर थाना क्षेत्र के असेनी गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े बांस-बल्ली लदे ट्रैक्टर से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होने की बात सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना देकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया। वहां चिकित्सक डॉ. अब्दुल करीम और डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सभी घायलों को बेहतर उपचार के लिए सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय चिचौली रेफर कर दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि असेनी गांव के पास ईको कार और सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के बीच टक्कर हुई है, जिसमें पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल चिचौली भेजा गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *