उरई में यमुना नदी से अज्ञात युवती का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

उरई में यमुना नदी से अज्ञात युवती का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी

उरई। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के थाना कुठौंद के अंतर्गत शंकरपुर चौकी क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

गुरुवार की सुबह लगभग सात बजे शंकरपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम शनगढ़ के पास यमुना नदी के बालू घाट के किनारे एक युवती का शव बह कर आया है। घटना की सूचना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने शंकरपुर चौकी पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए और स्वयं भी मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। मृतक युवती की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई जा रही है। युवती के पहनावे और हुलिए के आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है। युवती ने नीले आसमानी रंग की जींस और सफेद डिजाइन वाली काली कुर्ती पहन रखी थी। उसके पैरों में गेरुआ रंग की चप्पलें थीं।

प्रथम दृष्टया शव कुछ समय पुराना प्रतीत हो रहा है, जो नदी के बहाव के साथ बहकर यहाँ पहुँचा है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस आसपास के जनपदों एवं थानों में भी युवती की शिनाख्त के लिए सूचना प्रसारित कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती कहाँ की रहने वाली थी तथा किन परिस्थितियों में नदी तक पहुँची।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *