मुज़फ्फरनगर। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर युवाओं का आक्रोश एक बार फिर कलेक्ट्रेट परिसर में देखने को मिला। कॉक्रोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले कुछ युवा जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर पेपर लीक के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी देने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने आरोप लगाया कि देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों की मेहनत और भविष्य दोनों को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि वर्षों की तैयारी के बावजूद ईमानदार अभ्यर्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, जबकि पेपर लीक करने वाले गिरोह पूरी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रहे हैं।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। युवाओं ने “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “पेपर माफियाओं को फांसी दो” जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि जब तक परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित नहीं बनाया जाएगा, तब तक छात्रों का भविष्य खतरे में रहेगा।
प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने, परीक्षा माफियाओं पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून जैसी सख्त धाराएं लगाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा गंभीर मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र और युवा संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

