औरैया में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

औरैया में नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के पुर्वा माधोसिंह अड्डा गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव नीम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने की आशंका जताई है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सर्वेश कुमार दोहरे का 24 वर्षीय पुत्र अजय कुमार पिछले करीब छह माह से अपनी पत्नी के साथ दिबियापुर कस्बे में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था। बुधवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने विनोद सिंह के खेत में स्थित एक नीम के पेड़ पर युवक का शव लटका देखा। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को अवगत कराया। मृतक के भाई शनि ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिबियापुर, हरचंदपुर चौकी इंचार्ज तथा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पिता सर्वेश कुमार दोहरे ने बताया कि अजय की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी की लगभग पांच वर्ष पूर्व लंबी बीमारी के चलते मृत्यु हो गई थी। इसके बाद करीब एक वर्ष पहले अजय ने अलीगढ़ क्षेत्र के एक गांव की युवती से दूसरी शादी की थी। परिजनों का आरोप है कि अजय की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ पर लटका दिया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *