लाहौर वनडे में ऑस्ट्रेलिया की शानदार वापसी, पाकिस्तान को 41 रन से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर

लाहौर वनडे में ऑस्ट्रेलिया की शानदार वापसी, पाकिस्तान को 41 रन से हराकर सीरीज 1-1 से बराबर

लाहौर। ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार रात लाहौर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को 41 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। धीमी और कम उछाल वाली पिच पर तेज गेंदबाज नाथन एलिस की घातक गेंदबाजी ने मैच का रुख ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में मोड़ दिया। एलिस ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। एलेक्स कैरी पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट और मार्नस लाबुशेन भी जल्दी पवेलियन लौट गए, जिससे टीम 51 रन पर तीन विकेट गंवाकर संकट में आ गई।

इसके बाद जोश इंग्लिस और कैमरून ग्रीन ने पारी संभाली। दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी कर टीम को स्थिरता दी। इंग्लिस ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 51 रन बनाए, जबकि ग्रीन ने संयमित अंदाज में 53 रन जोड़े।

मध्यक्रम में मैट रेनशॉ और ओलिवर पीक ने भी अहम योगदान दिया। अंतिम ओवर में पीक के चौके और छक्के की मदद से ऑस्ट्रेलिया 50 ओवर में 231/9 तक पहुंचने में सफल रहा।

232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी बेहद खराब रही। माज़ सदाकत पहली ही ओवर में बोल्ड हो गए। इसके बाद साहिबजादा फरहान, बाबर आजम और सलमान आगा भी जल्दी आउट हो गए।

नाथन एलिस, मैथ्यू शॉर्ट और एडम ज़म्पा की सटीक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान का शीर्ष क्रम पूरी तरह बिखर गया और टीम 78 रन पर छह विकेट गंवा चुकी थी।

हालांकि इसके बाद शादाब खान ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की। उन्होंने अराफात मिन्हास के साथ महत्वपूर्ण साझेदारी कर मुकाबले में जान फूंकी। शादाब ने 104 गेंदों में 71 रन बनाए और टीम को मैच में बनाए रखने की कोशिश की। शाहीन अफरीदी ने भी कुछ तेज रन बनाए लेकिन जैसे ही शाहीन आउट हुए, पाकिस्तान की उम्मीदें खत्म हो गईं।

नाथन एलिस ने वापसी करते हुए अपना चौथा विकेट हासिल किया और अंत में तनवीर संघा ने शादाब का विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी समाप्त कर दी।

संक्षिप्त स्कोर:

ऑस्ट्रेलिया – 231/9 (50 ओवर) — कैमरून ग्रीन 53, जोश इंग्लिस 51; शाहीन अफरीदी 3/36, अराफात मिन्हास 2/27

पाकिस्तान – 190 (44.1 ओवर) — शादाब खान 71; नाथन एलिस 4/33, मैथ्यू शॉर्ट 3/36

परिणाम: ऑस्ट्रेलिया 41 रन से विजयी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *