देहरादून में अन्तरराष्ट्रीय संगीत एवं नृत्य महोत्सव ‘अमृतं गमय’ का उद्घाटन हुआ

देहरादून।  केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के उपलक्ष्य में आयोजित अन्तरराष्ट्रीय संगीत एवं नृत्य महोत्सव ‘अमृतं गमय’ का उद्घाटन किया। यहां प्रतिष्ठित वेल्हम गर्ल्स स्कूल में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और कलाक्षेत्र फाउंडेशन संस्था द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के लोक संगीत, पश्चिम बंगाल और कश्मीर के संगीत के साथ वायलिन वादन, कत्थक एवं भरत नाट्यम नृत्य तथा स्पेन एवं मिस्र जैसे देशों की संस्कृति की भी झलक प्रस्तुत की गई।

देहरादून देश का तीसरा शहर है जहां कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर, रेड्डी ने कहा कि युवा भारत की प्रगति और समृद्धि के ध्वजवाहक हैं। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में हमारा युवा आजादी के इस अमृत काल में विभिन्न क्षेत्रों में देश की समृद्धि में अपना योगदान दे रहा है। देश में युवा शक्ति की मजबूती के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ का संकल्प भी पूरा हो रहा है। 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत के विश्व गुरु बनने का लक्ष्य देशवासियों का एजेंडा है।’’

रेड्डी ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि भारत के युवा अंतरराष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं जैसे ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के महिला सशक्तिकरण योजनाओं पर जोर देने से एक बड़ा सामाजिक बदलाव आया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘आज देश में आदिवासी महिला राष्ट्रपति है। विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं आगे आ रही हैं। यह भारत के उज्ज्वल भविष्य की तरफ स्वस्थ संकेत है।’’ मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कला एवं संस्कृति के ऐसे कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना को साकार करने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *