26/11 मुंबई हमले की बरसी पर राष्ट्रपति मुर्मु ने शहीदों को किया नमन, बोलीं- एकजुट राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ सकता आतंकवाद

26/11 मुंबई हमले की बरसी पर राष्ट्रपति मुर्मु ने शहीदों को किया नमन, बोलीं- एकजुट राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ सकता आतंकवाद

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ते हुए शहीद हुए सैनिकों, पुलिसकर्मियों और अन्य बहादुर लोगों के साहस और बलिदान को भी नमन किया। राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद कभी भी उस राष्ट्र का हौसला नहीं तोड़ सकता, जो साहस, करुणा और दृढ़ता के साथ एकजुट होकर खड़ा हो।

राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने संदेश में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों की बरसी पर वह जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को नमन करती हैं। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ निडर होकर खड़े रहने वाले बहादुर सैनिकों, पुलिसकर्मियों और सभी लोगों के साहस को सलाम किया। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान और निस्वार्थ सेवा हमेशा देश की आत्मा में बसी रहेगी।

आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक संकल्प दोहराया

राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद भले ही लोगों की जिंदगी तबाह कर दे, लेकिन वह उस देश का हौसला कभी नहीं तोड़ सकता, जो एकजुट होकर उसका सामना करता है। आज हम पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। आतंकवाद को हर रूप में खत्म करने और अधिक शांतिपूर्ण एवं मानवीय दुनिया बनाने के अपने सामूहिक संकल्प को दोहराने की जरूरत है।

चार दिन तक मुंबई में आतंक का कहर

26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 आतंकवादियों ने मुंबई में सिलसिलेवार आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। हमले 29 नवंबर तक चले। आतंकियों ने मुंबई के कई प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया था।

हमलों में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पताल, नरीमन हाउस, ताजमहल पैलेस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल सहित कई स्थानों पर गोलीबारी और विस्फोट किए गए। चार दिनों तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोगों की जान गई और करीब 300 लोग घायल हुए थे।

सुरक्षा बलों के अभियान में 10 में से नौ आतंकवादी मारे गए, जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ लिया गया था। उसे 2010 में मौत की सजा सुनाई गई और 2012 में फांसी दे दी गई।

मनोज सिन्हा ने भी शहीदों को किया नमन

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर 26/11 के हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उन बहादुरों को भी सलाम किया, जिन्होंने लोगों की जान बचाने के लिए वीरतापूर्वक लड़ाई लड़ी।

सिन्हा ने कहा कि मातृभूमि के लिए उनका साहस और सर्वोच्च बलिदान हमेशा देशवासियों के दिलों में अंकित रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *