लखनऊ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम रद्द किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का एजेंडा युवाओं को नौकरी देना नहीं है। अखिलेश ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एपीओ प्रारंभिक परीक्षा रद्द कर भाजपा के आरक्षण-विरोधी चेहरे को बेनकाब कर दिया है। दोषी सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।

आरक्षण और मेरिट के मुद्दे पर सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सच्चे न्याय का एक स्वरूप अन्याय को रोकना भी है। उनके मुताबिक, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरक्षण के अधिकारों की अनदेखी रोकने के लिए एपीओ प्री परीक्षा-2025 का परिणाम रद्द किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरिट के आधार पर अनारक्षित सूची में स्थान पाने के पात्र पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना पीडीए के अधिकारों पर चोट है।
कहा- भाजपा सरकार में रद्द हुई 22वीं परीक्षा
सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में रद्द होने वाली परीक्षाओं में एपीओ प्रारंभिक परीक्षा 22वीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानती थी कि मामला अदालत में टिक नहीं पाएगा और परीक्षा रद्द हो सकती है। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि इससे न नौकरी देनी पड़ेगी, न आरक्षण का लाभ देना होगा और न ही किसी को वेतन देना पड़ेगा। उन्होंने दोहराया कि नौकरी देना भाजपा के एजेंडे में ही नहीं है।
50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों की परेशानी पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने भर्ती परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, समय और उम्मीदों का हवाला देते हुए सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने सवाल किया कि पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी में माता-पिता ने जो कमाई खर्च की, उसका क्या होगा? अब दोबारा परीक्षा होने पर उसका खर्च और मानसिक तनाव भी अभ्यर्थियों को ही झेलना पड़ेगा। उन्होंने पूछा कि इस पूरी स्थिति की जवाबदेही कौन लेगा?
सपा सरकार बनने पर नियमों के पालन का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि दोषी भाजपा सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती प्रक्रिया के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही तरीके से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उनका कहना है कि युवाओं को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा न खटखटाना पड़े, इसके लिए भर्ती व्यवस्था में नियमों का पालन जरूरी है।

