15 सितंबर के बार शुरू हुई बारिश से उपजे मौसम के हालात के चलते अब मेरठ और पश्चिमी उप्र के मौसम में तेजी से बदलाव आ रहा है। आज भी दिन की शुरूआत तेज धूप के साथ हुई है। पिछले तीन दिन से अब तापमान में भी वृद्धि हो रही है। बुधवार से बढ़ना शुरू हुआ तापमान 34 डिग्री तक पहुंच गया है। आज गुरुवार को हल्की हवा और धूप के साथ दिन की शुरूआती दौर से ही तापमान में बढ़ेत्तरी के साथ उमस भी महसूस की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून पूरी तरह से विदा हो जाएगा। इस समय अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री पर पहुंच गया है। बारिश के बीच यही तापमान 9 डिग्री तक कम होकर 26 डिग्री पर पहुंच गया था। उमस और धूप के चलते अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। बुधवार को भी आसमान पर सूरज तेजी के साथ रहा।
मेरठ के पड़ोसी जिले बागपत में बरसात के बाद से मौसम में काफी बदलाव आया है। पिछले दो दिन से यहां पर सुबह के समय कोहरा दिखाई दे रहा है। हाईवे पर कोहरे के बीच वाहन गुजर रहे हैं।

लगातार बारिश के कारण मौसम भी अब ठंडा होने लगा है। मेरठ में अभी गर्मी और उमस का असर दिखाई दे रहा है। कृषि अनुसंधान संस्थान के वरिष्ठ कृषि मौसम वैज्ञानी डा0 एन सुभाष ने बतया कि मौसम में पूरी तरह से बदलाव 10 अक्टूबर के बाद से शुरू होगा। मेरठ में इस बार 250 मिमी तक बारिश सितंबर के महीने में हुई थी। हालांकि जुलाई और अगस्त दोनों महीने सूखे ही गए थे। इन दो महीनों में मानसूनी बारिश की जैसी उम्मीद की जा रही थी वो नहीं हुई। मेरठ में सितंबर में सामान्य वर्षा 130 मिलीमीटर तक होती है। सितंबर में सामान्य से अधिक बरसात का ट्रेंड पिछले तीन चार साल से बढ़ा है। इसके पूर्व में बारिश का आंकड़ा 100 से कम रहता था। वर्ष 2021 में भी 274 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस बार अब तक 250 मिलीमीटर तक बारिश हुई है।