प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को आठ घंटे बीकानेर संभाग के दौरे पर रहेंगे। सीएम गहलोत विशेष विमान से सुबह 10.30 बजे नाल सिविल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां डॉ. करणीसिंह स्टेडियम में राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में जाएंगे। वहां भी ग्रामीण ओलम्पिक खेलों का अवलोकन करने के बाद शाम 6.30 बजे सूरतगढ़ एयरपोर्ट से विशेष विमान से जयपुर रवाना होंगे। आपदा प्रबंधन एवं सहायता मंत्री गोविंद राम मेघवाल भी मुख्यमंत्री के साथ रहेंगे। अधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री गहलोत सुबह 11 बजे बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में पहुंचकर करीब एक घंटे जिला स्तरीय ग्रामीण ओलम्पिक खेलों को देखेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से दोपहर 1.30 बजे हनुमानगढ़ के राजीव गांधी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां भी खेल प्रतियोगिताओं को देखेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से दोपहर 3.30 बजे श्रीगंगानगर के अम्बेडकर ग्राउंड पर पहुंचेंगे। श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर ग्रामीण ओलम्पिक खेलों के आयोजन को देखने के साथ ही विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से शाम 5.15 बजे सूरतगढ़ एयरपोर्ट पर आएंगे। विशेष विमान से जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
सियासी मायने

1. राजीव गांधी ओलम्पिक से संदेश : कांग्रेस आलाकमान की ओर से एक-दो दिन में राजस्थान के मुख्यमंत्री को लेकर निर्णय किए जाने के कयास लग रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री गहलोत ने शुक्रवार दोपहर सीएमओ के माध्यम से बीकानेर संभाग के अधिकारियों से फीडबैक लेकर अगले दिन शनिवार सुबह का दौरा फाइनल कर सभी को चौंका दिया। सियासी गलियारों में इस दौरे को लेकर चर्चा है कि गहलोत राजीव गांधी के नाम से चल रहे ओलंपिक खेलों का जायजा लेकर यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वे पूरी सक्रियता से काम कर रहे हैं।

2. पूर्व मुख्यमंत्री राजे से पहले आएंगे सीएम गहलोत : पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का 9 अक्टूबर को बीकानेर दौरा प्रस्तावित है। राजे का बीकानेर के अलावा देशनोक व मुकाम जाने का भी कार्यक्रम है। जूनागढ़ के सामने उनका भव्य स्वागत होगा। वसुंधरा के दौरे से आठ दिन पहले गहलोत बीकानेर संभाग के दौरे पर आ रहे हैं। इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। राजे के दौरे से पहले अपनी राजनीतिक पकड़ और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट कर सियासी मंत्र के जरिए ताकत दिखाने से जोड़ा जा रहा है।