हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के बिंवार थाना क्षेत्र के सायर गांव के पास रोडवेज बस के चालक और महिला परिचालक के साथ मारपीट करने की घटना में पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की है। सोशल मीडिया में महिला परिचालक के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

बिंवार थाना प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह ने गुरुवार को बताया कि सायर गांव के पास सड़क पर खड़े टैक्टर से रोडवेज बस की पासिंग को लेकर बस चालक सचिन पाल और महिला परिचालक आरती कुशवाहा से ट्रैक्टर चालक से विवाद हो गया। बस चालक और महिला परिचालक के साथ मारपीट की गई। बताया कि महिला परिचालक की तहरीर पर सायर गांव निवासी लाला गौतम, शिवा गौतम व राज गौतम के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। बताया कि घटना से संबन्धित एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ जिसे लेकर जांच कराई जा रही है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है।


