सीतापुर। जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र स्थित रामपुर केवटा गांव में शनिवार को प्रेम प्रसंग में आत्महत्या से जुड़ा एक मामला सामने आया है। शुक्रवार से लापता एक किशोरी और युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।

थाना प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि रामपुर केवटा गांव के बाहर एक किशोरी और युवक का शव लटके होने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस की जांच पाया गया कि घटनास्थल के पास श्रृंगार का सामान बिखरा पड़ा मिला। किशोरी की मांग में सिंदूर भी दिखाई दिया। मौके की परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों ने आत्महत्या से पहले आपस में विवाह जैसी कोई रस्म निभाई हैं। परिवार से पता चला है कि दोनों शुक्रवार की देर शाम से लापता थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

