बहराइच में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बनी आफत, सात दुकानें कार जलकर राख

बहराइच में ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बनी आफत, सात दुकानें कार जलकर राख

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मोतीपुर थाना क्षेत्र के मिहींपुरवा नगर पंचायत में शनिवार भोर में आग लगने की घटना प्रकाश में आई है। अज्ञात कारणों से लगी आग में एक कार जलकर राख हो गई, जबकि सात प्रतिष्ठानों के भी जलने की खबर है।

मिहींपुरवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित बड़ी बाजार के मुख्य मार्केट चौराहे के पास विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मर में शनिवार की भोर करीब 2 बजे आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने सात प्रतिष्ठानों और एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से करीम, शहजादे, रिंकू की गैस चूल्हा रिपेयरिंग व मुकेश सोनी, साहिल, अनिल गुप्ता व वीरेन्द्र मदेसिया की फल व होटल में रखी सम्पत्ति नष्ट हो गई।

स्थानीय नागरिकों ने तत्काल अग्निशमन विभाग और पुलिस को आग की सूचना दी। दमकल के पहुंचने से पहले विकराल आग ने पास में खड़ी अजय कुमार की कार को देखते ही देखते राख में तब्दील कर दिया। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया। भीषण अग्निकांड में करीब पांच लाख से अधिक की सम्पत्ति का नुकसान हुआ है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी विशाल गोंड ने बताया कि स्थानीय नागरिकों के अनुसार, ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी के कारण यह आग लगी थी। फिलहाल आग से कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के सही एवं अन्य कारणों की पुलिस जाँच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *