जबलपुर। 19 अगस्त को बुरी तरह से घायल होकर मेडिकल अस्पताल पहुंची नाबालिग किशोरी की मौत के बाद हुई जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। नाबालिग किशोरी का उसके ही सगे भाइयों ने बलात्कार कर मारपीट करने की बात सामने आई है। यही नहीं दोनों ने अपनी दादी के साथ भी दुष्कर्म किया था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरे की तलाश जारी है।
रिश्तों को तार तार करने वालों की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया मामला रांझी थाना क्षेत्र का है। 20 अगस्त को एक 16 वर्षीय किशोरी की मेडिकल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसका पीएम करवाया और मामले की जांच शुरू कर दी। जिसमें सामने आया कि किशोरी के बड़े पापा के दो बेटे मुंबई से उसे जबलपुर लेकर आए थे। 13 से 19 अगस्त तक दोनों भाइयों ने उसे बुरी तरह पीटा और दुष्कर्म करते रहे। दादी ने विरोध किया तो उन्हें भी पीटा और उनके साथ भी दुष्कर्म किया। 19 अगस्त को ज्यादा मारपीट होने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। जिसके बाद उसे किसी तरह मेडिकल में भर्ती कराया गया था।

पिता को दी जानकारी
पुलिस ने बताया कि पहले तो दोनों भाइयों ने मिलकर अपनी छोटी बहन के साथ मारपीट करते हुए उसकी आबरु लूटी और डंडा मारकर उसकी हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं दोनों भाइयों ने अपनी दादी के साथ भी मारपीट कर दुष्कर्म किया था। पीडि़ता ने मृत्यु के पूर्व अपने पिता को फोन करके पूरी बात भी बताई थी, यह पूरा मामला नाबालिग लडक़ी की मौत के बाद मर्ग जांच में सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ दुष्कर्म एवं हत्या के साथ पाक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज कर लिया है। एएसपी प्रदीप शेंडे ने बताया कि एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है, दूसरे की तलाश जारी है।


