विशाल यादव हत्याकांड पर जौनपुर पहुंचे अजय राय, परिजनों से मिले; बोले- एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी दे सरकार

विशाल यादव हत्याकांड पर जौनपुर पहुंचे अजय राय, परिजनों से मिले; बोले- एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी दे सरकार

जौनपुर। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को रामदयालगंज बाजार में मारे गए विशाल यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है और न्याय की लड़ाई में हरसंभव सहयोग करेगी।

पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने कहा कि विशाल यादव की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई, लेकिन आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अत्याचार, अन्याय और गुंडाराज का माहौल है। उन्होंने गोंडा, देवरिया और बदायूं सहित अन्य स्थानों पर हुई घटनाओं का भी उल्लेख किया।अजय राय ने सरकार से विशाल यादव के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जौनपुर में ‘बुलडोजर एक्शन’ कब होगा।

परिजनों ने अजय राय को अपनी पीड़ा बताते हुए आरोप लगाया कि घटना के बाद धरने के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि विशाल के कैंसर पीड़ित भाई के साथ भी पुलिस ने मारपीट की। परिवार ने पुलिस पर आरोपितों की मदद करने और मामले को दबाने का आरोप लगाया। अजय राय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने 14 लोगों को जेल भेज दिया, जबकि वास्तविक अपराधी खुले घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को दबने नहीं देगी और विशाल यादव को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।

उन्होंने भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कई अपराधी भाजपा में शामिल होकर राजनीतिक संरक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राय ने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने के बाद अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *