मा0 सांसद की अध्यक्षता में हुयी डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक

विद्युत से संबंधित प्रोजेक्ट कार्यों की प्राथमिकता सूची डिवीजनवार उपलब्ध कराये-मा0 सांसद

विद्युत चोरी से संबंधित विभागीय स्तर पर प्लानिंग करते हुये अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये-मा0 संासद
तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी गैंग को चिन्हित कर की जाये कठोर कार्यवाही-मा0 सांसद
विद्युत शट डाउन से पूर्व संबंधित क्षेत्र में ग्राम प्रधान को सूचना दिया जाना करें सुनिश्चित-श्री राजेन्द्र अग्रवाल
विद्युत से संबंधित शिकायत किये जाने हेतु आम जनमानस के लिए विभागीय स्तर पर काॅल सेंटर जैसी व्यवस्था भी बनायी जाये-जिलाधिकारी
मेरठ। विकास भवन सभागार में मा0 सांसद श्री राजेन्द्र अग्रवाल की अध्यक्षता में भारत सरकार द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रो के लिए स्वीकृत ऊर्जा क्षेत्र में सभी केन्द्रीय योजनाओ/कार्यों के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के अनुश्रवण हेतु डिस्ट्रिक्ट इलेक्ट्रिसिटी कमेटी की बैठक आहूत की गयी। बैठक में सांसद द्वारा प्रत्येक बिन्दु पर विस्तृत चर्चा करते हुये निर्देशित किया गया कि जनपद में विद्युत से संबंधित जिस भी प्रोजेक्ट पर कार्य किया जाना है या प्रस्ताव भेजे गये है डिवीजनवार, ग्रामीण एवं अर्बन एरियावार कराये जाने वाले कार्यों की प्राथमिकता सूची उपलब्ध करायी जाये। अलग-अलग क्षेत्रो में जो प्रोजेक्ट प्राथमिकता पर लेकर कार्यवाही की जानी है विस्तृत रूप से जानकारी उपलब्ध कराये।
बैठक में लाईनलोस ग्रामीण एवं अर्बन क्षेत्र, विद्युत सप्लाई, तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी, बिजली बिल तथा विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही की विस्तृत रूप से समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि विद्युत चोरी से संबंधित विभागीय स्तर पर प्लानिंग करते हुये अभियान चलाकर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यवाही से पूर्व एक बार संबंधित क्षेत्र में चेतावनी एवं प्रचार-प्रसार किया जाये। इसके बावजूद अगर बिजली चोरी की घटनाएं संज्ञान में आती है तो औचक निरीक्षण कर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। सख्त निर्देश देते हुये कहा गया कि तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी इत्यादि की घटनाओ के विरूद्ध प्लानिंग के तहत कार्यवाही सुनिश्चित की जाये तथा ऐसे अपराधियो के विरूद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। मा0 सांसद ने कहा कि ऐसा सिस्टम डेवलेप किया जाये जिससे चोरी की घटनाओ पर रोक लग सके तथा चोरी करने वाले गैंग का पता लगाकर उनके विरूद्ध कार्यवाही की जा सके। इस संबंध में पुलिस प्रशासन का आवश्यक सहयोग प्राप्त करते हुये कार्यवाही की जाये।
शट डाउन की शिकायतो के दृष्टिगत निर्देशित किया गया कि विद्युत शट डाउन से पूर्व संबंधित क्षेत्र में ग्राम प्रधान/जनप्रतिनिधि आदि को सूचना दिया जाना सुनिश्चित किया जाये जिससे कि विद्युत कटने पर संबंधित क्षेत्र में असमंजस की स्थिति उत्पन्न न हो तथा लगातार सूचनाओ का आदान-प्रदान त्वरित गति से किया जाता रहना चाहिए। जनपद में ओवरलोडिंग की समस्या दूर किये जाने हेतु क्षमता वृद्धि के संबंध में विभागीय कृत कार्यवाही की जानकारी प्राप्त करते हुये निर्देशित किया गया कि ऐसे ट्रांसफार्मर को चिन्हित करते हुये आवश्यक क्षमता वृद्धि कराया जाना सुनिश्चित किया जाये।
उन्होने कहा कि विद्युत बिल के गलत बनाये जाने की शिकायते लगातार आती रहती है, सख्त निर्देश देते हुये कहा गया कि गलत रूप से जारी किये गये विद्युत बिल पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाये तथा उसके विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
विद्युत समाधान सप्ताह के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुये मा0 संासद द्वारा निर्देशित किया गया कि समाधान सप्ताह के पश्चात् भी इस प्रकार की कार्यवाही विभागीय स्तर पर नियमित रूप से चलती रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत से संबंधित शिकायत किये जाने हेतु आम जनमानस के लिए विभागीय स्तर पर काॅल सेंटर जैसी व्यवस्था भी बनायी जाये। विभागीय नंबर बताये जाने पर इसका और अधिक विस्तार किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। मा0 विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल द्वारा अर्बन पंचम में लाईनमैन द्वारा अवैध उगाही किये जाने के संबंध में शिकायत किये जाने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा द्वारा संबंधित अधिशासी अभियंता जागेश कुमार को लाईनमैन के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिये गये।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि हर्ष गोयल सहित कमेटी के सदस्य तथा विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
