वाराणसी। उत्तर प्रदेश के जनपद वाराणसी में बटुक भैरव मंदिर के बाहर गली में बह रहे नाली के पानी से दर्शनार्थियों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। दर्शन पूजन करने पहुँचे अनिल मिश्र ने कहा कि बटुक भैरव मंदिर में रविवार को दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यही गंदा पानी लोगों के पांव से मंदिर तक पहुंच रहा है। यह अनुचित है और इसके लिए नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी संज्ञान लें। मंदिर परिसर साफ सुथरा रखना यहां के पार्षद की भी जिम्मेदारी है।

श्रद्धालु हरि ओम ने कहा कि मंदिर के बाहर सीवर का पानी ओवरफ्लो है और तमाम लोग इससे प्रभावित हो रहे हैं। मंदिर के महंत ने भी नगर निगम में शिकायत की है, किंतु कोई समाधान हो नहीं सका है। यहां अक्सर ऐसा होता दिखता है, जबकि अस्थाई समाधान होता है।

नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अनिल यादव ने कहा कि बटुक भैरव मंदिर के बाहर गंदे पानी को समस्या को संज्ञान में लिया गया है। जल्द ही इसका निस्तारण करा दिया जाएगा। मंदिर के बाहर नाली और सीवर की जांच करा सफाई कराई जाएगी।

