बांदा में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: शादी में रोड़ा बने परिजन तो मंदिर के पास प्रेमी युगल ने उठाया खौफनाक कदम

बांदा में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत: शादी में रोड़ा बने परिजन तो मंदिर के पास प्रेमी युगल ने उठाया खौफनाक कदम

बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लखनपुर गांव में एक प्रेमी युगल ने समाज और परिजनों की बंदिशों से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। शादी के रास्ते में परिजनों के बाधक बनने से आहत इस जोड़े ने शनिवार देर रात एक मंदिर के पास संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया, जिससे दोनों की तड़प-तड़प कर जान चली गई।

शनिवार रात लगभग 9 बजे लखनपुर निवासी 25 वर्षीय शत्रुघ्न कुमार वर्मा पुत्र रामचंद्र वर्मा और चित्रकूट जनपद की पहाड़ी गांव की रहने वाली राजमनी (20) पुत्री दीनदयाल लखनपुर गांव के सिंहवाहिनी मंदिर के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले। घटना की भनक लगते ही इलाके में सनसनी फैल गई। आनन-फानन में सूचना मिलने पर कमासिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमासिन पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

चर्चाओं के मुताबिक, दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के प्रेम में थे और जीवनभर साथ रहने का संकल्प ले चुके थे। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजनों की रजामंदी न मिलने और इस रिश्ते के विरोध के कारण वे भारी मानसिक तनाव में थे। परिजनों के कड़े रुख और शादी में आ रही बाधाओं के आगे जब उन्हें कोई रास्ता नजर नहीं आया, तो उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस हर, पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद से ही लखनपुर गांव और मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *