वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा, मैजिक वाहन की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौत, एक घायल

वाराणसी में दर्दनाक सड़क हादसा, मैजिक वाहन की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौत, एक घायल

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरभानपुर-ओदार स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप शनिवार देर शाम तेज रफ्तार मैजिक वाहन की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे का इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, वीरभानपुर निवासी जमाल (26), शाहिद (20) और मोहम्मद आमिर (20) शनिवार देर शाम बुलेट से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे राजातालाब-जंसा मार्ग पर ओदार स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जमाल और शाहिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोहम्मद आमिर की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। दोनों युवकों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

राजातालाब पुलिस चौकी प्रभारी राजेश मौर्य ने बताया कि दुर्घटना के बाद मैजिक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *