प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकेंगे नामांकन

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकेंगे नामांकन

वाराणसी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने असाधारण प्रतिभा और उत्कृष्ट कार्य करने वाले बच्चों को सम्मानित करने के लिए ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026’ हेतु ऑनलाइन आवेदन एवं नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक एवं पात्र बच्चे स्वयं या अन्य पात्र माध्यमों के जरिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं।

जिला प्रोबेशन अधिकारी (महिला कल्याण विभाग) पंकज कुमार मिश्रा ने रविवार को बताया कि इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के तहत बच्चों को उनके असाधारण योगदान के लिए छह श्रेणियों—वीरता, खेलकूद, सामाजिक सेवा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण तथा कला एवं संस्कृति में सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 5 से 18 वर्ष तक के बच्चों को उनके असाधारण उपलब्धियों के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाता है।

उन्होंने बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी श्रेणी में ऐसे बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन्होंने किसी नए उत्पाद, नवाचार, अनुसंधान, प्रोटोटाइप या वैज्ञानिक विचार का विकास किया हो। यदि वाराणसी जनपद के किसी बच्चे ने विज्ञान, रोबोटिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यावरण संरक्षण तकनीक या किसी अन्य वैज्ञानिक क्षेत्र में उल्लेखनीय मॉडल, पेटेंट, शोध अथवा अभिनव कार्य किया है, तो वह इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने का पात्र है।

जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। उन्होंने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे अपने आसपास की ऐसी प्रतिभाशाली एवं असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन समय रहते सुनिश्चित कराएं, ताकि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *