लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए रविवार देर रात 14 आईएएस और 34 पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत मुजफ्फरनगर के नगर मजिस्ट्रेट का भी तबादला किया गया है।

बुलंदशहर में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात दीपक कुमार पाल को मुजफ्फरनगर का नया नगर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर के वर्तमान नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ का तबादला कर उन्हें देवरिया का अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व बनाया गया है। शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।

सहारनपुर के सीडीओ सुमित राजेश महाजन का भी तबादला
प्रशासनिक फेरबदल के तहत सहारनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। उनके स्थान पर राज्य कर विभाग में अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग की जिम्मेदारी
राहुल सिंह को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग से हटाकर लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं, लखीमपुर खीरी के मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार को विशेष सचिव आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अयोध्या के अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ लखीमपुर खीरी के प्रशासनिक नेतृत्व में भी परिवर्तन किया गया है।
राजस्व परिषद और सचिवालय प्रशासन में भी बदलाव
राजस्व परिषद के सदस्य न्यायिक साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं, विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम और रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को राजस्व परिषद में सदस्य न्यायिक की जिम्मेदारी दी गई है।
अंबेडकरनगर के मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव एवं निदेशक बनाया गया है। वहीं, कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
माध्यमिक शिक्षा और ग्राम्य विकास विभाग में भी तैनाती
युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। इसके अलावा अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
नगर निगम सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। इस फेरबदल के जरिए शासन ने विभिन्न विभागों और मंडलों में अधिकारियों की नई तैनाती की है।
नेहा शर्मा को सचिव चिकित्सा शिक्षा पद से अवमुक्त किया
चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद से अवमुक्त किया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुसार तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब मुजफ्फरनगर में नए नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल के कार्यभार संभालने का इंतजार है। वहीं, पंकज प्रकाश राठौड़ के स्थानांतरण के बाद उन्हें देवरिया में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

