लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव की चल रही तैयारियों के बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार काे लखनऊ में लाेक भवन सभागार में प्रेस कांफ्रेंस कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) 2027 के तहत आलेख्य मतदाता सूची जारी कर दी है। इस सूची में 13 करोड़ 58 लाख 68 हज़ार 905 मतदाता के नाम दर्ज हैं। 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले 18 लाख 84 हजार 113 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है। अंतिम मतदाता सूची 04 जनवरी 2027 को आएगी। जारी सूची पर आज से 16 दिसंबर तक विशेष अभियान चला कर मतदाताओं के दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस आलेख्य मतदाता सूची में 07 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 06 करोड़ 20 लाख 06 हजार 353 महिला मतदाता हैं। तृतीय लिंग के 4,042 मतदाता भी सूची में शामिल हैं। पिछली सूची की तुलना में पुरुष मतदाताओं की संख्या 07.87 लाख और महिला मतदाताओं की संख्या करीब 10.97 लाख बढ़ी है। वहीं, तृतीय लिंग मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है। प्रदेश का जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसके पहले एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हज़ार 792 थी।

18-19 आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या घटी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एक सवाल के जवाब में बताया कि इस आलेख्य मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 11 लाख 83 हजार 352 मतदाताओं के नाम हैं, जबकि पिछली अंतिम सूची में इसी आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। दाेनाें सूचियाें के अंतर काे देखें ताे इस आयु वर्ग मतदाताओं की संख्या में 05 लाख 80 हजार 08 की कमी हुई है। उन्होंने बताया कि युवा मतदाताओं को मतदाता बनाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से कालेजाें और विश्वविद्यालयाें में एक विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे-आपत्तियां
उन्हाेंने बताया कि मंगलवार काे आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि मतदाता 16 दिसंबर तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, अपात्र नाम हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने बूथ पर आलेख्य सूची और आवेदन फॉर्म के साथ मौजूद रहेंगे और लोगों की जरूरत के अनुसार न केवल फार्म देंगे बल्कि उनकी मदद कर फार्म भरा कर जमा भी करेंगे।
मतदाता ऑनलाइन भी जांच सकेंगे अपना नाम
उन्होंने बताया कि प्रदेश के मतदाता अपने नाम की जानकारी अपने बूथ पर बीएलओ के पास उपलब्ध सूची, ईसीआईनेट मोबाइल ऐप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट के जरिए जांच कर सकते हैं। इसके साथ साथ नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी मतदाता सूची देखी जा सकती है। अगर मतदाता का नाम सूची में नहीं है तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है बल्कि अपना नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-06 भरें और इसके साथ पासपोर्ट आकार की फोटो और जन्मतिथि व सामान्य निवास के प्रमाण से जुड़े मान्य दस्तावेज अपने बूथ पर जमा करें। इसी प्रकार निवास स्थान बदलने, नाम-पते में सुधार, ईपीआईसी बदलवाने या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए फॉर्म-08 भरा जा सकता है। वहीं, किसी नाम को हटवाने या उस पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-07 का इस्तेमाल होगा। ये फॉर्म बीएलओ, तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र और जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

