मोरना में पोल्ट्री फार्म संचालक को बंधक बनाकर चाकू से गोदा, गंभीर रूप से घायल, इलाके में तनाव!

मोरना में पोल्ट्री फार्म संचालक को बंधक बनाकर चाकू से गोदा, गंभीर रूप से घायल, इलाके में तनाव!

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के मोरना गांव में एक पोल्ट्री फार्म संचालक ने गांव के ही कुछ लोगों पर बंधक बनाकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और दोनों पक्षों के समर्थकों की भीड़ थाने पहुंच गई। पुलिस फिलहाल पूरे मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

मोरना निवासी टीटू का आरोप है कि मंगलवार देर रात करीब 12 बजे गांव के चार युवक उसके मोरना-दरियापुर मार्ग स्थित पोल्ट्री फार्म में जबरन घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने उसके हाथ पीछे बांध दिए और चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उसे उसी हालत में छोड़कर फरार हो गए।

बुधवार सुबह फार्म पर काम करने पहुंचे मजदूर ने टीटू को घायल और बंधा हुआ देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे, टीटू को बंधन मुक्त कराया और उपचार के लिए भोपा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद आजाद समाज पार्टी के नेता संजय रवि के नेतृत्व में ग्रामीण भोपा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की।

वहीं आरोपी पक्ष के लोगों ने भी थाने पहुंचकर आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि मामला पुरानी जमीनी रंजिश से जुड़ा है और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने के उद्देश्य से यह कहानी गढ़ी गई है।

भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस जमीनी विवाद, आपसी रंजिश और अन्य सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *