मोरना (मुजफ्फरनगर)। भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा मोरना में स्वास्थ्य सेवा को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। यहां इलाज के लिए एक क्लीनिक पर गई नाबालिग बालिका के साथ चिकित्सक द्वारा जांच के बहाने छेड़छाड़ किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

जांच के बहाने अश्लील हरकत करने का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, भोपा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी एक व्यक्ति की नाबालिग भतीजी की तबीयत खराब थी। वह मोहल्ले में स्थित एक चिकित्सक के क्लीनिक पर दवा लेने गई थी। आरोप है कि क्लीनिक पर चिकित्सक ने जांच करने के बहाने बालिका को अंदर बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की। बालिका ने किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और रोते हुए घर पहुंच गई।
परिजनों ने क्लीनिक पर पहुंचकर जताया आक्रोश
घर पहुंचने के बाद बालिका ने परिजनों को पूरी घटना बताई। नाबालिग की आपबीती सुनकर परिजनों में गुस्सा फैल गया। इसके बाद परिजन आरोपी चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि इसकी भनक लगते ही चिकित्सक रिफाकत निवासी गांव ककराला, थाना भोपा क्लीनिक बंद कर मौके से फरार हो गया।
इसके बाद पीड़ित पक्ष ने भोपा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी चिकित्सक रिफाकत के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

