मेरठ। जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में विकास को गति प्रदान करने के लिए त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत बड़े स्तर पर विकास कार्य कराए गए थे। 10 दिन पहले जांच के लिए 30 अधिकारियों की टीम का गठन कर जिम्मेदारी दी गई है। दो दिन में अधिकारियों को जांच कर फोटो सहित सभी कार्यों की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी थी। लेकिन अभी तक अधिकारी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके हैं।

त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में 50 करोड़ के बजट से शहर से लेकर देहात तक विकास कार्य कराए गए थे। आवंटित किए गए बजट से हुए विकास कार्यों की जांच के लिए 30 अधिकारियों की टीम गठित कर जांच की जिम्मेदारी दी गई है। टीम में जिला स्तरीय अधिकारी के साथ तकनीकि अधिकारी को भी शामिल किया। लेकिन समय-सीमा बीतने के बाद भी अभी तक अधिकारी जांच से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सके हैं।

विकास कार्यों का सत्यापन कर अधिकारियों को कार्य के मानक, गुणवत्ता, कार्य की वर्तमान में स्थिति आदि को लेकर फोटो सहित रिपोर्ट तैयार करनी होगी। रिपोर्ट को जिला अर्थ एव साख्यिकी की मेल आइडी पर उपलब्ध कराना होगा।
त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत विस क्षेत्रों में कराए गए विकास कार्यों की जांच शुरू कराई है। अधिकारियों को फोटो सहित जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। अधिकारियों को तेजी से जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए निर्देश जारी किए हैं।