मुरादाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, छठी मैया के जयकारों से गूंज उठी पीतलनगरी

मुरादाबाद में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व, छठी मैया के जयकारों से गूंज उठी पीतलनगरी

मुरादाबाद। लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा पीतलनगरी में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। रामगंगा विहार में रामगंगा नदी घाट, लाइनपार, अमृत सरोवर, बुद्धि विहार, पीएसी आदि समेत अन्य जगहों पर बने छठ घाटों पर व्रती महिलाओं ने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली और सुख समृद्धि की कामना की। सोमवार सुबह सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ ही इस महापर्व का समापन हो गया। 36 घंटे से अधिक का निर्जल व्रत रखकर महिलाएं भोर में सूर्यदेव के दर्शन करने के लिए घाट पर पहुंच गई थीं। सूर्यदेव के दर्शन देते ही जब उन्होंने अर्घ्य देने के लिए कलश उठाया तो उनकी आंखों से आस्था के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। इस दौरान कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय, होय ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय समेत अन्य पारंपरिक गीत छठ घाटों पर गूंजते रहे। ढोल नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु नाचते और गाते नजर आए।

नहाय-खाय के साथ शुक्रवार को शुरू हुआ चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हुआ। व्रती महिलाओं ने सूर्यदेव की पूजा कर संतान तथा परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। मुरादाबाद में विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा के लिए तैयार घाटों और कृत्रिम तालाबों पर सुबह चार बजे से ही महिलाओं अपने परिवारों के साथ घाट पर पहुंचना प्रारंभ हो गया था।

घर से निकलते हुए घाट पर पहुंचने तक परंपरा के अनुसार महिलाएं रास्ते में माथा टेकती हुई छठी मैया को प्रणाम करती रहीं। वहीं घर के अन्य सदस्यों ने उन व्रती महिलाओं को प्रणाम किया। महिलाओं के आगे-आगे उनके पति या बेटे डलिया सिर पर रखकर चल रहे थे। घाट पर पहुंचने के बाद महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ व नारियल सजाया।

भोर की पहली किरण के साथ जब व्रतियों ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया तो पूरी पीतलनगरी मुरादाबाद छठी मैया के जयकारों से गूंज उठी। लोकोशेड पुल के नीचे अमृत सरोवर सम्राट अशोक नगर, रामगंगा विहार में रामगंगा नदी घाट, लाइनपार, आदर्श नगर, कपूर कंपनी प्राचीन शिव मंदिर, छठ मैया पार्क बुद्धि विहार, पीएसी कॉलोनी, रेलवे हरथला कॉलोनी आरपीएफ मैदान और रामगंगा किनारे घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।

पूर्वांचल जनकल्याण समिति के सचिव अशोक चतुर्वेदी ने बताया कि इतने दिनों से घाटों पर जो व्यवस्था की जा रही थी, वह सब सफल हुई। उन्होंने बताया कि लोकोशेड पुल के नीचे अमृत सरोवर सम्राट अशोक नगर व रामगंगा विहार में रामगंगा नदी घाट पर बहुत अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचे एवं पूजा अर्चना की गई। सभी छठ पूजा स्थानों पर काफी संख्या में पुलिस बल व नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को लगाया सिंदूर

सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाया। साथ ही सभी को ठेकुआ का प्रसाद बांटा। ताड़ी खाना निवासी शालिनी सिंह ने बताया कि बच्चों और घर के अन्य सदस्यों में ठेकुआ के प्रसाद को लेकर काफी उत्साह रहता है। जैसे ही पूजा संपन्न होती है, सभी में होड़ होती है कि सबसे पहले प्रसाद उन्हें मिल जाए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *