नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोयडा स्थित थाना बीटा- दो पुलिस ने सोमवार सुसुबह को पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25- 25 हजार रुपए के ईनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश लूटपाट की वारदातें करते थे। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों बदमाशों के पैर में लगी है।

पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि थाना बीटा- दो पुलिस आज सुबह को बैरियर लगाकर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कर रही थी, तभी डाकिया बाबा गोल चक्कर के पास दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आते हुए दिखाई दिए। संदिग्ध होने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद बदमाश वहां से भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दीपू उर्फ पप्पू पुत्र सुरेंद्र निवासी जनपद अलीगढ़ तथा मोनू पुत्र तुलसी निवासी जनपद हमीरपुर के पैर में लगी है।

इनके पास से पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल, दो देशी तमंचे आदि बरामद किया है। ये बदमाश लूटपाट की वारदात करते हैं। इनके गैंग का एक बदमाश मोनू पूर्व में गिरफ्तार हुआ था। इनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। अभियुक्त दीपू के ऊपर पूर्व में आठ तथा मोनू के ऊपर पूर्व में 19 मुकदमे दर्ज हैं।

