मुजफ्फरनगर CMO का जनता दर्शन, स्वास्थ्य शिकायतों पर सख्त तेवर; बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुजफ्फरनगर CMO का जनता दर्शन, स्वास्थ्य शिकायतों पर सख्त तेवर; बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुजफ्फरनगर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सोमवार को सीएमओ कार्यालय में जनता की शिकायतें सुनीं। अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दर्शन के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पतालों की व्यवस्थाओं और विभागीय मामलों से संबंधित अपनी समस्याएं सीधे सीएमओ के सामने रखीं।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य आमजन को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध तरीके से समाधान जरूरी है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनकी वास्तविक स्थिति की जांच कर प्रभावी समाधान कराया जाए।

रोज सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनता दर्शन

सीएमओ ने बताया कि जनसामान्य की सुविधा और विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उनके कार्यालय कक्ष में प्रतिदिन जनता दर्शन आयोजित किया जा रहा है। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कोई भी नागरिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या या शिकायत लेकर सीधे उनसे मिल सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन के दौरान प्राप्त होने वाले प्रार्थना पत्रों और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए। शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

सीएमओ ने कहा कि फरियादियों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *