मुजफ्फरनगर में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर में 32 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में मंगलवार को 32 वर्षीय विवाहिता आयशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। बताया गया कि घर में काम करने के दौरान किसी बात को लेकर आयशा की अपनी सास से कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद वह बाथरूम में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सीओ जानसठ ऋषिका सिंह और मीरापुर इंस्पेक्टर राजीव शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से बंद होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने बाथरूम की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

पुलिस के अनुसार आयशा अंदर फंदे पर लटकी मिली। पुलिस टीम ने उसे बाहर निकाला और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर घटना से पहले हुए विवाद और अन्य परिस्थितियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।

चावल देने की बात पर हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ के दौरान मृतका की बहन अर्शेजहां ने बताया कि घर में रखे चावल किसी जरूरतमंद व्यक्ति को देने की बात को लेकर आयशा और उसकी सास के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि सास चावल जरूरतमंद व्यक्ति को देने की बात कह रही थीं, जबकि आयशा ने चावल देने से मना कर दिया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

हालांकि पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सास से कहासुनी के बाद विवाहिता द्वारा जान देने की बात सामने आई है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है।

पांच बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बताया गया कि शामली के राई नंगला निवासी महबूब की बेटी आयशा का विवाह वर्ष 2017 में कुतुबपुर निवासी बिलाल के साथ हुआ था। आयशा के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। मां की मौत के बाद पांचों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मायके पक्ष के लोग भी पहुंचे

घटना की जानकारी मिलने के बाद देर शाम आयशा के मायके पक्ष के लोग भी कुतुबपुर पहुंच गए। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस परिवार के सदस्यों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से पहले के हालात और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *