मुजफ्फरनगर में सकारात्मक वार्ता के बाद टला रेल रोको आंदोलन, किसानों की 35 सूत्रीय मांगों पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता

मुजफ्फरनगर में सकारात्मक वार्ता के बाद टला रेल रोको आंदोलन, किसानों की 35 सूत्रीय मांगों पर प्रशासन ने दिखाई तत्परता

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (तौमर) द्वारा घोषित रेल रोको आंदोलन फिलहाल प्रशासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़ी 35 सूत्रीय मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर को ज्ञापन सौंपा।

प्रस्तावित आंदोलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। क्षेत्र में एसडीएम सदर, सीओ सदर, सीओ नई मंडी, छपार थाना प्रभारी सहित भारी पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने भाकियू (तौमर) के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना।

वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। भाकियू (तौमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि कई मुद्दों पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 से 9 मांगों का मौके पर ही समाधान कर दिया, जबकि शेष मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

उन्होंने कहा कि यदि शेष मांगों का समयबद्ध निस्तारण नहीं किया गया तो संगठन 4 जुलाई को प्रदेशव्यापी रेल रोको आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

वहीं सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने बताया कि संगठन द्वारा प्रस्तुत 35 सूत्रीय मांग पत्र को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव था, उनका निस्तारण किया गया है तथा बाकी मांगों को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

प्रशासन और संगठन के बीच हुई इस वार्ता के बाद फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और प्रस्तावित आंदोलन टल गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *