मुजफ्फरनगर। खुद को ‘डॉन’ की तरह पेश कर पुलिस को चुनौती देने वाला शातिर अपराधी तैय्यब उर्फ छोटू आखिरकार शाहपुर पुलिस की मुठभेड़ में दबोच लिया गया। दिल्ली के न्यू सीलमपुर निवासी यह 15 हजार रुपये का इनामी अपराधी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, लेकिन सोमवार देर रात हुई कार्रवाई में उसका यह ‘गुरूर’ ध्वस्त हो गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार तैय्यब अपने परिचितों और साथियों के बीच अक्सर फिल्मी अंदाज में यह दावा करता था कि पुलिस उसे कभी पकड़ नहीं सकती और “डॉन को पकड़ना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है” जैसे डायलॉग बोलकर रौब झाड़ता था। लेकिन शाहपुर पुलिस ने सटीक रणनीति और मुखबिर तंत्र के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस कर ली।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का वाहन चोर और अपराधी है, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता था। वह हर कुछ महीनों में नया स्थान अपनाकर पुलिस से बचने की कोशिश करता था, लेकिन इस बार उसकी चाल कामयाब नहीं हो सकी।
सोमवार रात शाहपुर थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली उसके पैर में लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पर दिल्ली, गाजियाबाद, बिजनौर, हापुड़ और मुजफ्फरनगर सहित कई जिलों में वाहन चोरी और आर्म्स एक्ट के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बुढ़ाना थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में वह वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुद को ‘डॉन’ समझने वाला यह अपराधी कानून से बच नहीं सका और अब उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

