मुजफ्फरनगर में महिला ने किसान नेता समेत कई लोगों पर घर में घुसकर धमकी देने का लगाया आरोप, सीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

मुजफ्फरनगर में महिला ने किसान नेता समेत कई लोगों पर घर में घुसकर धमकी देने का लगाया आरोप, सीएम से लगाई सुरक्षा की गुहार

मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी क्षेत्र की भरतिया कॉलोनी (कम्बलवाला बाग) निवासी एक महिला ने खुद को किसान नेता बताने वाले व्यक्ति समेत कई लोगों पर घर में घुसकर अभद्रता, धमकी और दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एसएसपी मुजफ्फरनगर को शिकायती पत्र देकर अपने और अपनी आठ वर्षीय बेटी की सुरक्षा की मांग की है।

पीड़िता भावना वर्मा पत्नी शशांक वर्मा के अनुसार, 7 जून 2026 की शाम वह अपनी बेटी के साथ घर पर मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान कॉलोनी निवासी अर्पित अग्रवाल, जो स्वयं को भारतीय किसान यूनियन (भानू) का पदाधिकारी बताता है, 10 से 15 लोगों के साथ उनके घर में घुस आया। महिला का आरोप है कि समूह में एक महिला समेत कुछ वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी शामिल थे।

शिकायत में कहा गया है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और धक्का-मुक्की की। महिला का कहना है कि घटना से उनकी आठ वर्षीय बेटी भयभीत हो गई और रोने लगी। पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है, तब आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें और अधिक धमकाया।

महिला ने आरोप लगाया कि उन्हें एक सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। पीड़िता का दावा है कि उसने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है, जिसे वह जांच के दौरान उपलब्ध कराने को तैयार है।

शिकायती पत्र में महिला ने अर्पित अग्रवाल, नीतू, अपनी सास ऊषा रानी, ससुर राजकुमार वर्मा तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल यह आरोप पीड़िता की शिकायत पर आधारित हैं। मामले में पुलिस और प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। महिला ने अपने और अपनी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *