मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: बुजुर्ग और बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल

मुजफ्फरनगर में भीषण सड़क हादसा: बुजुर्ग और बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, दोनों गंभीर रूप से घायल

खतौली (मुजफ्फरनगर)। जानसठ रोड फ्लाईओवर के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में सड़क पार कर रहे एक बुजुर्ग और तेज रफ्तार बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार ग्राम तुलसीपुर निवासी 75 वर्षीय मनीराम पुत्र हरि सिंह किसी काम से खतौली आए थे। इसी दौरान जब वह जानसठ रोड फ्लाईओवर के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, बाइक सवार युवक अजय पुत्र महेश, निवासी ग्राम पिलौना, टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया और घिसटता चला गया, जिससे उसे भी गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ-साथ घटना की जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्राधिकारी खतौली रुपाली राव चौधरी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं और दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही पैदल यात्रियों से भी सड़क पार करते समय पूरी सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *