मुजफ्फरनगर। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में शामिल भगत सिंह रोड पर मंगलवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। रात करीब 10:45 बजे बेकाबू गति से आ रही वैगनआर कार ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर टूट गया, जबकि उसका चालक देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया कि ई-रिक्शा चालक देवेंद्र भगत सिंह रोड पर अपने वाहन के साथ खड़ा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार वैगनआर कार वहां पहुंची और अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास मौजूद लोगों को तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर दुकानदार और राहगीर तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल चालक को संभालने में जुट गए।

व्यस्त सड़क पर अचानक हुए हादसे के कारण आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली क्षेत्र की आबकारी चौकी प्रभारी शशि कपूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्काल भीड़ को हटवाकर यातायात व्यवस्था को संभाला और घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित किया।
गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक देवेंद्र को पुलिस ने बिना देरी किए उपचार के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वैगनआर कार को कब्जे में ले लिया, जबकि बुरी तरह क्षतिग्रस्त ई-रिक्शा को भी कोतवाली भिजवा दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है। देर रात व्यस्त सड़क पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों के कारण बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

