मुजफ्फरनगर। सहारनपुर परिक्षेत्र में पुलिस उपमहानिरीक्षक द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस ने नशीले कैप्सूलों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना नई मंडी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 76,800 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 20 से 25 लाख रुपये आंकी जा रही है, बरामद किए हैं। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि छह और सात जुलाई की मध्यरात्रि बिलासपुर चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कूकड़ी ग्राउंड में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों का बंटवारा करने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना नई मंडी पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की।

पुलिस ने क्षेत्राधिकारी नई मंडी और ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में मौके पर रखे चार कार्टनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्पासमोर और स्पासमेड कंपनी के कुल 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसके बाद मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जानसठ निवासी सुमित उन्हें प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल उपलब्ध कराता था। वे इन दवाओं को ब्लैक मार्केट में खरीदकर विभिन्न क्षेत्रों में दोगुनी कीमत पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और युवाओं तक नशीले कैप्सूल पहुंचाने का काम कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि फरार सप्लायर सुमित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसके अलावा गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद पुत्र मोहम्मद इसरायल निवासी भिक्की हाल निवासी शेरनगर, नौशाद पुत्र मोहम्मद अहसान निवासी सहावली नई मंडी, मोहम्मद आजाद पुत्र नासिर अली निवासी लुसाना मोड़ बुढ़ाना, नवीन कुमार पुत्र ओमपाल सिंह निवासी दयानंद नगर शामली, मोहम्मद कासिफ पुत्र मोहम्मद रिजवान निवासी अंबा विहार खालापार तथा सचिन गुप्ता पुत्र ब्रह्मपाल निवासी साउथ कृष्णापुरी खालापार के रूप में हुई है। फरार आरोपी सुमित निवासी जानसठ की तलाश जारी है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना नई मंडी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना नई मंडी प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, संदीप कुमार, आकाश कुमार, शुभम चौहान, एसओजी देहात प्रभारी उपनिरीक्षक मोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल रोहताश कुमार, कांस्टेबल ललित मोरल, प्रशांत सिरोही, मोहम्मद इस्फाक, सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल विकास सिरोही, कांस्टेबल अमन कुमार, रवि कुमार, राहुल कश्यप, हीरा सिंह, बोली सिंह, रोहित कुमार, हिमांशु चौधरी, मुनेश कुमार, राजीव अत्री और दिनेश बाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन सवेरा” के तहत नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और जनपद को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

