मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, छह खाली मैगजीन, छह .315 बोर तमंचे और एक 12 बोर तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार, हीरो स्प्लेंडर बाइक, चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

काली नदी पुल के पास पुलिस ने की घेराबंदी

एसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में पत्रकारों को बताया कि 30 सितंबर को कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास कुछ लोग अवैध हथियार लेकर मौजूद हैं और हथियार खरीदने के लिए एक अन्य व्यक्ति भी वहां पहुंचने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची। पुलिस को वहां एक कार में तीन लोग बैठे दिखाई दिए। मुखबिर ने तीनों की पहचान हथियारों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद होने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
चार पिस्टल, छह खाली मैगजीन और सात तमंचे बरामद
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल मय छह खाली मैगजीन, छह .315 बोर तमंचे और एक 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी मिले।
पुलिस ने मौके से सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार बरामद की, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के अनुसार कार का पंजीकरण नंबर यूपी 15 एफई 3793 है। इसके अलावा काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर यूपी 15 ईजे 5079 भी बरामद की गई।
मेरठ से हथियार खरीदकर सप्लाई करने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में समीर और उमंग उर्फ देवा चौहान ने बताया कि वे अवैध हथियारों की सप्लाई करते हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों मेरठ निवासी एक व्यक्ति से हथियार खरीदते थे और मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर उनकी सप्लाई करते थे। इस काम से उन्हें आर्थिक लाभ होने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
वहीं पुलिस के अनुसार, नितेश सैनी ने पूछताछ में बताया कि उसकी समीर से पहचान थी और वह उससे अवैध असलाह खरीदने के लिए मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
मेरठ और हापुड़ के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश सैनी पुत्र स्वर्गीय राजू सैनी निवासी तहसील रोड, सरधना, थाना सरधना, जनपद मेरठ, समीर पुत्र शौकीन निवासी बुलंदशहर रोड, मजीदपुरा, गली नंबर छह, थाना कोतवाली नगर, जनपद हापुड़ और उमंग उर्फ देवा चौहान पुत्र सुनील चौहान निवासी मटौर, थाना दौराला, जनपद मेरठ के रूप में की है।
दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास मिला
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी समीर के खिलाफ थाना कोतवाली नगर मेरठ में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं उमंग उर्फ देवा चौहान के खिलाफ थाना इंचौली मेरठ में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस तीनों आरोपियों के विस्तृत आपराधिक इतिहास और हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।
आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 432/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 3/5/25/29(क)/29(ख) आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अवैध हथियारों के स्रोत, खरीदारों और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी, उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, उपनिरीक्षक पवन प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सैनी, कांस्टेबल वेदराम और कांस्टेबल मनीष हूण शामिल रहे।

