मुजफ्फरनगर (खतौली)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला सद्दीकनगर से पिछले पांच दिनों से लापता 15 वर्षीय किशोर का शव मंगलवार की सुबह गंगनहर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर का शव गंगनहर खतौली की खलासी में तैरता हुआ पाया गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, किशोर अजहद, निवासी मोहल्ला सद्दीकनगर, 12 जून को अपने घर से दोस्तों के साथ खेलने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और रिश्तेदारों व आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने खतौली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी, इसी बीच मंगलवार सुबह राहगीरों ने गंगनहर में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलने पर रतनपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। पिता हाफिज वकील और अन्य परिजन बदहवास होकर रोने लगे। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उन्हें संभाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत डूबने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस उन लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है, जिनके साथ किशोर आखिरी बार देखा गया था।
इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले सद्दीकनगर में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है।

