मीरापुर, मुजफ्फरनगर। थाना मीरापुर क्षेत्र के ग्राम मुझेड़ा में तेज रफ्तार कैंटर ने बैलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा मुझेड़ा बस स्टैंड के पास हाईवे पर हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बैलगाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर हाईवे से नीचे खेत में जा गिरी। हादसे में बैलगाड़ी चालक बाल बाल बच गया, जबकि बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मुझेड़ा निवासी जानू राजपूत शुक्रवार सुबह करीब छह बजे बैलगाड़ी लेकर खेत की ओर जा रहा था। वह जैसे ही मुझेड़ा बस स्टैंड के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने बैलगाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बैलगाड़ी और उसका चालक जानू उछलकर हाईवे से नीचे खेत में जा गिरे। हादसे में जानू को मामूली चोटें आईं, जबकि बैलगाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बैल भी टक्कर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून बहने लगा।
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायल बैल को देखकर उसकी मदद में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया और बैल का उपचार शुरू कराया। ग्रामीणों के अनुसार, बैल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया गया कि हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना मीरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई।
पुलिस अब कैंटर के चालक की तलाश में जुटी है। वाहन के नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

