मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के हिनौता गांव के पास बुधवार रात करीब 7:30 बजे कार सवार लोगों ने एक युवक को कथित तौर पर कार से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी भी जख्मी हो गया। परिजनों ने घटना को हत्या बतायी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिनौता गांव निवासी 36 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ शिबू के चाचा जितेंद्र सिंह उर्फ पप्पू के मुताबिक, अजय का छोटा भाई विक्रम चुनार स्थित एक निजी बैंक में कैशियर है। बुधवार को बैंक बंद होने के बाद वह कार से घर लौट रहा था। आरोप है कि एक कार में सवार पांच लोग उसका पीछा करने लगे। घबराकर विक्रम ने बड़े भाई अजय को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद अजय और ददरा निवासी ओमप्रकाश सिंह उसकी मदद के लिए हिनौता गांव के पास राजगढ़-चुनार मार्ग पर पहुंच गए।

परिजन के अनुसार, विक्रम के कार रोकते ही पीछा कर रहे लोग भी वहां पहुंच गए। कार से उतरे चार लोगों ने विक्रम को पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। उसे बचाने पहुंचे अजय को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया गया। आरोप है कि कार में बैठे चालक ने अजय को कुचल दिया और फिर गाड़ी पीछे कर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दी। इसके बाद सभी आरोपी चुनार की ओर भाग निकले। घटना में 48 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह भी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सीएचसी राजगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अजय को ट्रामा सेंटर मीरजापुर रेफर किया गया, जहां से उसे वाराणसी ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अजय दो भाइयों में बड़ा और अविवाहित था। उसके पिता की पहले ही सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्र ने बताया कि कार की टक्कर से घायल युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
