वाराणसी। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में दीपावली पर्व के दौरान बम विस्फोट की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से बुधवार शाम वाराणसी नगर निगम के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। इसमें दीपावली के अवसर पर काशी में विस्फोट करने की धमकी दी गई है।

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ कमिश्नरेट पुलिस भी सतर्क हो गई है। अधिकारियों के निर्देश पर शहर के संवेदनशील और प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), केंद्रीय विद्यालय, नगर निगम मुख्यालय और प्रमुख मंदिरों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। वहीं, नगर निगम मुख्यालय को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सिगरा पुलिस ने परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है। यहां आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।

धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। फिलहाल शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही अलर्ट जारी किया गया था। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों को और अधिक सतर्क कर दिया गया है। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही लगातार गश्त की जा रही है। वहीं, साइबर सेल की टीम ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने और उसकी लोकेशन ट्रेस करने में जुटी है। सुरक्षा के मद्देनजर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर, प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल तैनात कर सघन चेकिंग की जा रही है। नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दफ्तरों में एंटी-सबोटेज टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया। शैक्षणिक संस्थानों को भी एहतियात के तौर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
धनतेरस पर्व पर अन्नपूर्र्णा मठ मंदिर में आधी रात के बाद उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस अफसर वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अन्नपूर्णा मंदिर में पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मंहत शंकरपुरी से मिलकर मंदिर प्रबंधन के सुरक्षा प्रबंध की जानकारी ली और इसके बाद मातहत अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया।
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि खालिस्तान नेशनल आर्मी के ईमेल में 8 नवंबर दीपावली के दिन बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल, नगर निगम कार्यालय और प्रमुख मंदिरों को धमाके से उड़ाने की धमकी दी गई है।

