मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के कोटवा-दीपनगर संपर्क मार्ग पर कंचनपुर गांव के सामने बुधवार देर रात धान लदे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

मृतकों की पहचान सोनभद्र जिले के सेमरा उभ्भा निवासी महेश (33) पुत्र सूर्यभान और बुद्धिमान (36) पुत्र राधेश्याम के रूप में हुई। वहीं, इसी गांव के राजेश (40) पुत्र रामखेलावन गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से उन्हें मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। कोटवा पांडेय गांव के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिवपाल यादव के अनुसार, महेश और बुद्धिमान मुंबई में मजदूरी करने जा रहे थे। दोनों लालगंज थाना क्षेत्र के बहुती गांव में रिश्तेदारी में आए थे। एक साथी उन्हें ट्रेन पकड़ने के लिए छोड़ने जा रहा था। कंचनपुर के पास पीछे से आ रहे धान लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है और एक गंभीर रूप से घायल है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

