महिला आरक्षण पर बृजेश पाठक का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहे दोनों दल

महिला आरक्षण पर बृजेश पाठक का सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- महिलाओं के अधिकारों का विरोध कर रहे दोनों दल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल महिलाओं के अधिकारों को लूटना चाहते हैं। राजभवन कॉलोनी स्थित अपने सरकारी आवास पर शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा पूरी तरह से दिग्भ्रमित है और संसद में महिला आरक्षण का लगातार विरोध कर रही है।

डिलिमिटेशन बिल के लिए प्रधानमंत्री का जताया आभार

उप मुख्यमंत्री ने डिलिमिटेशन (परिसीमन) बिल को मंजूरी देने के ऐतिहासिक कदम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कैबिनेट का हृदय से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संसद ने पहले ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पारित कर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का रास्ता खोला था। अब कैबिनेट के इस फैसले ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि 2029 के चुनावों से पहले यह कानून लागू हो जाएगा और महिलाओं को इसके लिए और इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

यूपी में भी बढ़ेगी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी

बृजेश पाठक ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का निर्णय महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण को व्यावहारिक और प्रभावी बनाएगा। इससे राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस फैसले से उत्तर प्रदेश में भी सीटें बढ़ेंगी, जिससे प्रदेश की बहनों और बेटियों को राजनीति में अधिक अवसर मिलेंगे और उनका नेतृत्व सशक्त होगा। यह निर्णय दर्शाता है कि मोदी सरकार न केवल महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि देश के सभी राज्यों के हितों का भी ध्यान रखती है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है तथा शासन और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश के सभी सांसदों से इस विधेयक का समर्थन करने की अपील की है, क्योंकि सही अर्थों में यही महिलाओं का वास्तविक सशक्तिकरण है।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस ने मिलकर महिला आरक्षण बिल के रास्ते में रोड़ा अटकाया है। सपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव यह दावा तो करते हैं कि वे महिला आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन उनकी पार्टी ने बिल के खिलाफ वोट दिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के सिद्धांत और व्यवहार अलग-अलग हैं, और महिलाओं के अधिकारों को लेकर सपा व कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब सबके सामने आ चुका है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *