महावीर चौक विवाद: सपा नेता दंपती समेत कई पर मुकदमा, प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप

महावीर चौक विवाद: सपा नेता दंपती समेत कई पर मुकदमा, प्रदर्शन के दौरान मारपीट का आरोप

मुजफ्फरनगर। शहर के महावीर चौक पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संयुक्त धरना-प्रदर्शन के दौरान हुए विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाने पहुंचे एक कोयला कारोबारी के साथ कथित मारपीट और हमला किए जाने के आरोप में सपा नेता दंपती समेत सात-आठ लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता महावीर चौक पर संयुक्त धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की जा रही थी। इसी बीच सुमन विहार निवासी कोयला कारोबारी कुलदीप सिंह वहां पहुंचे और प्रदर्शन का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री के समर्थन में नारे लगाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई।

पीड़ित कुलदीप सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि विरोध जताने पर सपा नेत्री डॉ. मोनिका, उनके पति युधिष्ठिर पहलवान तथा उनके साथ मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। तहरीर में आरोप है कि युधिष्ठिर पहलवान ने मौके पर ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी का डंडा छीन लिया और उसी से उन पर हमला किया। पीड़ित का आरोप है कि उन्हें काफी दूर तक दौड़ाकर पीटा गया। शोर-शराबा बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस अब वायरल वीडियो सहित अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जा सके।

थाना सिविल लाइन पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर युधिष्ठिर पहलवान, डॉ. मोनिका तथा चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *