मक्का की लोकप्रियता बढ़ी, किसानों को सरकार का पूरा समर्थन

मक्का की लोकप्रियता बढ़ी, किसानों को सरकार का पूरा समर्थन

नयी दिल्ली। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कहा कि भोजन के साथ ही कुक्कुट पालन और एथनाॅल उत्पादन सहित विविध क्षेत्रों में मक्का का इस्तेमाल होने से न केवल भारत में बल्कि विश्व में इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
सरकार फसलों के विविधीकरण कार्यक्रम के तहत, विभिन्न पहलों के जरिये किसानों को मक्का उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। साथ ही, सरकार ने विभिन्न पहल तथा पैकेजों से उद्यमियों को भी समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल के दौरान मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य 43 प्रतिशत बढ़ाया गया है। इसके साथ ही मक्का का उत्पादन बढ़ने से किसानों को भी इसका काफी लाभ मिला है।
तोमर ने देश के प्रमुख वाणिज्य एवं उद्योग मंडल फिक्की द्वारा आयोजित ‘भारत मक्का शिखर सम्मेलन-2022’ के आठवें संस्करण को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने मक्का क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार के भरपूर समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कृषि हमारे देश की रीढ़ के समान है, जिसने कोविड-19 सहित हर संकट में देश की मदद की है। कृषि उत्पादों के निर्यात में वृद्धि भी उत्साहवर्धक रही है, जिसका आंकड़ा लगभग चार लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
कृषि मंत्री ने भारतीय कृषि क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में कहा कि मौजूदा रूस-यूक्रेन संकट के दौरान वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए सरकार गेहूं का निर्यात सुनिश्चित करने पर काम कर रही है। यह हमारे लिए बड़े गर्व का विषय है कि दुनिया की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमारे किसानों द्वारा पैदा किए गए गेहूं सहित अन्य कृषि उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *