भोपाल। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई आज से सामाजिक न्याय पखवाड़ा आयोजित कर रही है।
पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी आज से 20 अप्रैल तक सामाजिक न्याय पखवाड़ा मना रही है। इसके अंतर्गत संगठन के कार्यकर्ता भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण की योजनाओं पर जन-जन से संवाद स्थापित करेंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी 14 अप्रैल को डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती पर उनके विचारों को प्रत्येक बूथ पर लोगों तक पहुंचाने का काम करेगी।
इसके पहले आज पार्टी के सभी सांसदों एवं विधायकों की बैठक में सामाजिक न्याय पखवाड़ा के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के सम्बन्ध में चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा भी मौजूद रहे।


