भरतपुर में जयपुर आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर आज भी यातायात बहाल नहीं

भरतपुर। राजस्थान में आरक्षण की मांग को लेकर जयपुर-आगरा हाईवे को पिछले दो दिनों से सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे माली समाज के लोगों के कारण आज भी मार्ग पर यातायात बहाल नहीं हो सका।
प्रदर्शन कर रहे लोगों की राज्य सरकार के पर्यटन मंत्री विश्वेंद्र सिंह से होने वाली वार्ता नहीं हो पाने से पिछले तीस घण्टों से भी अधिक समय से बंद पड़े राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर अभी यातायात बहाल नहीं हो सका है। राज्य सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर आंदोलनकारियों से वार्ता के लिये आये श्री विश्वेंद्र सिंह ने साफ कहा है कि वार्ता करनी है तो पहले राजमार्ग खाली करो।
इस बीच आंदोलन में महिलाओं के भी मोर्चा संभाल लेने से मार्ग पर से आंदोलनकारियों को हटाने में अब पुलिस एवं प्रशासन को काफी ऐहतियात बरतनी पड़ रही है। साथ ही अब धरनास्थल पर लोगों की भीड़ बढ़ रही है। बड़ी संख्या में सूर्यवंशी, कुशवाह, मौर्य, सैनी एवं माली समाज के लोग सड़क पर डटे हैं। सोमवार को आंदोलन के दूसरे दिन उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब पुलिस ने जाम की स्थिति के मद्देनजर आंदोलनकारियों के भोजन के वाहनों को रोक लिया। इससे आक्रोशित आंदोलनकारियों ने भी पुलिस के भोजन के वाहन को रोक लिया। पुलिस अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को समझा कर मामला शांत कराया।
श्री सिंह ने कहा कि सरकार ने उन्हें बात करने के लिए अधिकृत कर दिया लेकिन माली समाज का ऐसा कोई नेता नहीं है, जिससे हम बात कर सकें। नेतृत्व कौन कर रहा है यह भी पता नही है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अधिकृत रूप से वार्ता के लिए आएं। हम भी मौके पर वार्ता के लिए जाने के लिए तैयार हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *